झांसी में पत्नी ने आशिकी के चक्कर में अपने तीन प्रेमियों से कराई थी पति की हत्या

झांसी। जिले के रक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरा में हुई युवक की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित पांच आरोपियों को दबोच कर हत्या में प्रयुक्त की गई कुल्हाड़ी व डंडे भी बरामद कर लिए गए हैं। युवक की हत्या उसकी पत्नी के इशारे पर उसके तीन प्रेमियों ने की थी।

रक्सा के ग्राम खैरा निवासी बृजलाल के पुत्र शिवा (28) की 12 अप्रैल की रात लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी गई दी गई थी। मृतक के भाई विनोद की शिकायत पर पुलिस ने उसके दोस्त जयहिंद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को पुलिस ने इस घटना का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के मुताबिक शिवा और जयहिंद मुंबई में एक कपड़ा फैक्टरी में काम करते थे। शिवा कीपैड वाला मोबाइल चलाता था, जबकि जयहिंद के पास एंड्रायड मोबाइल फोन था। जयहिंद अपने मोबाइल से शिवा और उसकी पत्नी माधुरी की वीडियो कॉल पर बात कराता था। इसी बीच जयहिंद की भी माधुरी से बातचीत होने लगी और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। जयहिंद के माध्यम से माधुरी की गांव के कुलदीप चतुर्वेदी उर्फ गोलू से भी जान-पहचान हो गई थी। नजदीकियां बढ़ने पर कुलदीप और माधुरी शादी करने की योजना बनाने लगे। लेकिन, पति शिवा उनके आड़े आ रहा था। नौ अप्रैल को शिवा और जयहिंद मुंबई से घर लौट आए। अगले दिन शिवा ने माधुरी से मारपीट की, इस पर माधुरी ने कुलदीप को फोन कर शिवा की हत्या करने के लिए कहा था।

12 अप्रैल को माधुरी के फोन करने पर जयहिंद घर आया था और शिवा को अपने साथ खेत पर ले गया था। वहां शराब पार्टी की। इधर, माधुरी ने कुलदीप को फोन कर कहा कि शिवा खेत पर गया है, उसे निपटा दो। कुलदीप अपने करीबी दोस्त छोटू परिहार उर्फ सरपंच और दीनदयाल को लेकर खेत पर पहुंचा। तीनों ने डंडे से उसे बुरी तरह पीटा। बाद में जयहिंद ने कुल्हाड़ी मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद चारों फरार हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि शिवा के भाई विनोद ने जयहिंद समेत आठ के खिलाफ नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर रक्सा थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी जयहिंद को इमलिया तिराहे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सारा मामला उजागर हो गया। इसके बाद शिवा की पत्नी माधुरी, प्रेमी कुलदीप, दीनदयाल केवट और छोटू परिहार को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त तीन डंडे व एक कुल्हाड़ी बरामद हुई है।

अवैध संबंध तीन प्रेमियों से शादी एक से करना चाहती 
शिवा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुई उसकी पत्नी माधुरी के तीन युवकों से प्रेम संबंध थे। इनमें से पति के दोस्त जयहिंद से उसकी वीडियो कॉलिंग के दौरान नजदीकियां बढ़ गईं थीं। जयहिंद के माध्यम से ही माधुरी की गांव के ही कुलदीप चतुर्वेदी उर्फ गोलू दोस्ती हो गई थी। चूंकि, शिवा और जयहिंद मुंबई में रहते थे। ऐसे में कुलदीप माधुरी के ज्यादा करीब आ गया था और वह दोनों शादी करना चाहते थे। इधर, दीनदयाल केवट उर्फ लल्लू से भी माधुरी के संबंध हो गए थे। माधुरी तीनों से बातचीत करती थी। जयहिंद और दीनदयाल जानते थे कि माधुरी कुलदीप से शादी करना चाहती है। माधुरी ने जयहिंद और दीनदयाल को शादी के बाद भी अफेयर जारी रखने का भरोसा दिया था।