झांसी। जिले के पूंछ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढेरी में घरेलू विवाद के चलते शराबी पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या कर सनसनी फ़ैला दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पूंछ के ग्राम ढेरी निवासी मजदूर कालका रायकवार शराब पीने का आदी है। इसके कारण घर में पत्नी कमला से आए दिन उसका विवाद होता रहता है। शुक्रवार को पत्नी कमला (30) घर पर थी। इस दौरान कालका शराब पीकर घर आया तो पत्नी ने इसे लेकर नाराजगी जताई। इस पर दोनों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कालका ने आवेश में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी से कमला पर हमला कर दिया। कमला के सिर में कुल्हाड़ी से गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और महिला को इलाज के लिए भिजवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए बताया है की उनकी बेटी का उसके परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। ससुराल पक्ष के लोग उसको जमीन पर खेती भी नहीं करने दे रहे थे। इस मामले में उनकी बेटी ने थाने पूंछ में बुधवार को शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस मौका मुआयना करने घर भी आई थी। इसी से उसके पति और परिवार के लोगों ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है। मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी ने बताया कि इस मामले में मृतक महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी है। उसके आधार पर मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जा रही है।