झांसी। जनपद के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में शास्त्री नगर में सोमवार को मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में एक सिपाही घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इस मामले में पुलिस ने चार हमलावरों को गिरफ्तार किया है।

ईसाईटोला निवासी कारीगर विनोद प्रेम नगर के शास्त्री नगर में मकान का निर्माण कर रहा था। आरोप है कि क्षेत्र के कुछ युवक विनोद के पास पहुंचे और उससे शराब के लिए रुपए मांगने लगे। रुपये देने से मना करने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। विनोद ने उसकी सूचना थाना प्रेम नगर की नैनागढ़ चौकी पर दी। इस पर चौकी इंचार्ज चंद्रशेखर हमराह सिपाही अरविंद को लेकर मौके पर पहुंच गए।

पुलिस को देख युुवकों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एक पत्थर सिपाही अरविंद के सिर पर लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। सूचना पाकर थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पथराव कर रहे चार युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए हमलावरों के नाम  समीर, आशिक, हुसैन व चिट्टी बताए गए हैं। इस मामले में कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। घायल सिपाही का मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया गया है।