लड़की को भगा ले जाने व लव मैरिज बनी हत्या का कारण 

Jhansi. जिले के सकरार थाना क्षेत्र अंतर्गत जावन मार्ग पर नहर किनारे खेत में रविवार सुबह एक व्यक्ति की गला काटकर दर्दनाक हत्या से सनसनी फ़ैल गई है। पुलिस ने कस्बे के लोगों पर हत्या करने का संदेह व्यक्त किया है। दरअसल मृतक अपनी प्रेमिका को भगाने के मामले में जेल गया था। जेल से छूटकर उसने लड़की से लवमैरिज कर ली थी मगर लड़की के परिजन नाराज थे। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने युवक की हत्या की गई है। लड़की के घर वाले गांव से फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।

सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम जावन निवासी राजा भैया कुशवाहा का पुत्र 35 वर्षीय करन कुशवाहा घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद घर के लोग खेत पर गए तो करन का रक्त रंजित शव जावन मार्ग पर नहर के निकट खेत के पास पड़ा मिला। उसके गले पर गहरा घाव था। इसके अलावा हाथ पर भी घाव थे। मृतक विवाहिता था और उसकी चार बच्चियां है। घटना के समय पत्नी मायके गई हुई थी।

बताया जा रहा है कि करण कुशवाहा और मोहल्ले की नाबालिग लड़की के बीच प्रेम संबंध थे। 2019 में करण कुशवाहा लड़की को भगाकर ले गया था। लड़की के परिवार ने केस दर्ज कराया था। करीब सवा साल बाद पुलिस ने लड़की को बरामद कर करण कुशवाहा को जेल भेज दिया था। लड़की ने घर जाने से मना कर दिया था। तब उसे नारी निकेतन भेजा गया। करीब डेढ़ माह बाद करण जमानत पर जेल से बाहर आ गया। लड़की अब बालिग हुई तो करण ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। तीन माह पहले वह सकरार आकर करण के साथ घर पर रह रही थी।

पिता राजा भैया का कहना है कि लव मैरिज के बाद लड़की के परिवार वाले रंजिश रखे हुए थे और उन्होंने  धारदार हथियार से गला रेत कर उसके बेटा की हत्या कर दी है। इस घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार, सीओ टहरौली अरुण कुमार, सकरार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस संबंध में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि हत्यारोपियों की तलाश की जा रही हैं। इसके लिए पुलिस टीमें बनाई गई है।