झांसी। झांसी के बड़ागांव में प्रेमिका के धोखा देकर शादी कर लेने से दुखी युवक ने घर में पंखे लटकाने वाले हुक से लटकी साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड करने से पहले उसने अपना मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के ढिमरौनी गांव निवासी रामस्वरूप परिहार पुत्र संतोष परिहार (30) दिल्ली में काम करता था। वहां उसकी एक लड़की से नजदीकियां बढ़ गई। पिता के अनुसार बेटे ने उस लड़की की फोटो दिखाकर उससे शादी करने की बात कही थी लेकिन, कुछ दिनों पहले उस लड़की ने धोखा देकर किसी और से शादी कर ली। इसको लेकर संतोष बहुत डिप्रेशन में था।
दो दिन पहले संतोष दिल्ली से घर आ गया। तभी से शराब पी रहा था। गुरुवार को पूरे दिन वह अपने दोस्तों के साथ था। देर रात वह दो बजे घर आया। पिता ने दरवाजा खोला तो संतोष शराब पिए था। वह ढाबा से खाना लेकर आया था और उसने पिता को भी खाने के लिए आमंत्रित किया, किंतु उसने मना कर दिया। संतोष ने खाना खाया और कमरे में सो गया जबकि पिता व मां बाहर आकर सो गये। सुबह उठने पर संतोष ने गेट नहीं खोला। खिड़की से देखा तो बेटा संतोष फंदे पर लटका था।
मरने से पहले संतोष ने अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया। कमरे से टूटा हुआ फोन बरामद हुआ है। कमरे में फंदा लगाने के लिए संतोष ने पंखे को नीचे उतारा। फिर पंखे की कुंदे पर मां की साड़ी से फंदा बनाकर लटक गया। शुक्रवार सुबह मौत के बाद घर में कोहराम मच गया।
तीन भाई-बहनों में संतोष सबसे बड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।













