झांसी। बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने भी मण्डल आयुक्त को पत्र लिखकर महानगर में ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा पूर्व में किये गये सभी वाहनों के चालानों को निरस्त करने व वाहनों की निर्धारित गति सीमा बढ़ायी जाने एवं यह प्रक्रिया नये सिरे लागू करने के पूर्व आमजन व झांसी महानगर की सीमाओं पर व्यापक प्रचार प्रसार की व्यवस्था पर जोर दिया गया है।

उन्होंने पत्र में बताया कि स्मार्ट सिटी झाँसी महानगर में नगर निगम स्थित कमाण्ड सेन्टर द्वारा संचालित यातायात व्यवस्था के तहत माह जनवरी 2023 से वर्तमान तक लाखों की संख्या में वाहनों की निर्धारित गति से अधिक गति होने के कारण ऑनलाइन चालान किये गये हैं। समाचार पत्रों से ज्ञात हुआ कि इन चालानों का आमजन पर लगभग 01 करोड़ 65 लाख का राजस्व बकाया है। चूंकि यह ऑनलाइन वाहनों की चालान प्रक्रिया लागू करने के पूर्व प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार नहीं किया गया साथ ही मुख्य मार्गों पर लगे कैमरों के मध्य डिवाइडरों पर निर्धारित गति सूचक चिन्ह भी नहीं दर्शाये गये हैं।

उन्होंने बताया कि झाँसी के चारों ओर ग्रामीण क्षेत्र है जहां के निवासियों एवं आमजन का प्रतिदिन झांसी महानगर में आवागमन रहता है ऐसे में जानकारी के अभाव में एक ही वाहनों के प्रतिदिन कई बार ऑनलाइन चालान किये। गये हैं। चूंकि झाँसी महानगर स्मार्ट सिटी बुन्देलखण्ड की हृदय स्थली है जहां से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व अन्य प्रदेशों के वाहनों का आवागमन रहता है ऐसे में इन सभी के आनलाइन चालान होने से आमजन में प्रशासन के प्रति आक्रोश का भाव है जिससे हमारी लोकप्रिय सरकार व झाँसी महानगर की छवि धूमिल हो रही है।

इस सम्बन्ध उन्होंने आग्रह किया है कि ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा पूर्व में किये गये सभी वाहनों के चालानों को निरस्त करने व वाहनों की निर्धारित गति सीमा बढ़ायी जाये एवं यह प्रक्रिया नये सिरे लागू करने के पूर्व आमजन व झांसी महानगर की सीमाओं पर व्यापक प्रचार प्रसार की व्यवस्था अवश्य की जाये जिससे बाहर से आने वाले वाहन स्वामी ऑनलाइन चालान प्रक्रिया से बच सकें। उन्होंने जनहित में उपरोक्त के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।