झांसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीछा तापीय परियोजना की कालोनी में देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने पांच अवर अभियंताओं के घरों के ताले तोड़ कर हजारों की नकदी और समान चोरी कर लिया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।

जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीछा परियोजना की कॉलोनी निवासी अमित सुमन, अंकित गुप्ता, अमन तिवारी, लाल सिंह, अशोक त्रिपाठी पारीछा थर्मल पावर हाउस में अवर अभियंता हैं। रविवार देर रात अमित सुमन, अंकित, अमन तिवारी ड्यूटी पर गए थे तथा लाल सिंह और अशोक त्रिपाठी अपने परिवार के साथ गांव गये थे। मौका पाकर चोरों ने रात में सूने घरों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर हजारों की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए।

उक्त चोरी की जानकारी सोमवार को हुई तो सनसनी फ़ैल गई क्योंकि कालोनी में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था रहती है। चोरी का शिकार बने ड्यूटी से लौटे तीन अवर अभियंताओं द्वारा चोरी गए माल की सूची पुलिस को दे दी गई है जबकि अशोक त्रिपाठी और लाल सिंह अपने गांव से वापस आने पर जानकारी मिलेगी की इनके घर से कितने का सामान चोरी हुआ है। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।