झांसी में व्यापारी सम्मेलन में नंदी का दावा – जनता के साथ व्यापारी वर्ग भी मोदी के साथ 

झांसी। झांसी में व्यापारी सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 9 वर्ष की उपलब्धियों व जनहितकारी योजनाओं, नीतियों से आम जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है और इस ताकत के बल पर 2024 के चुनाव में भी प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेंगे।

उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए विपक्ष के मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट होने के सवाल पर उल्टा प्रश्न दागते हुए कहा आज कोई राहुल गांधी को या अखिलेश यादव या मायावती या ममता को देश की बागडोर देना चाहेगा। एक ओर मोदी हैं जिनके पास देश के लिए विकास के लिए साफ विजन है और दूसरी ओर विपक्षी दलों के प्रमुख हैं। इनके बीच कोई तुलना ही संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष हमारे खिलाफ गठबंधन कर रहे होंगे लेकिन भाजपा ने तो जनता से गठबंधन किया है और आमजन भाजपा के साथ है।

“अखिलेश यादव और शिवपाल यादव खुद असुर हैं” योगी के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल पर हमला करते हुए उन्हें असुर बता दिया। गौरतलब है कि इससे पहले अखिलेश ने नैमिषारण्य धाम में पूजा के बाद योगी सरकार पर निशाना साधते हुए इशारों में असुर बोला था।

“सपा ने वन डिस्ट्रिक्ट वन गुंडा पैदा किया”

नंद गोपाल नंदी ने कहा कि जिस तरह से उन लोगों ने काम किया है, जैसे कि हम लोगों के यहां वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट है, वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वैसे ही उन लोगों (सपा सरकार) ने वन डिस्ट्रिक्ट वन गुंडा पैदा करने का काम किया, अपराधी पैदा करने का काम किया था। नंदी ने पूर्व की समाजवादी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि तब अपराधी थानेदारों को निर्देशित करते थे, जिले के कप्तान, जिले के जिलाधिकारी को निर्देशित करने का काम करते थे। नंदी ने कहा कि आज गुंडों अपराधियों की शामत आई है। जो भी गुंडे और अपराधी हैं वो या तो प्रदेश छोड़ कर चले गए हैं या दुनिया छोड़कर चले गए हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी जी के कुशल मार्ग दर्शन में और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमने काम किया है और इसी का नतीजा है कि 2022 में उत्तर प्रदेश ” उत्तम प्रदेश ” बना है और अब ” सर्वोत्तम ” देश बनने जा रहा है। प्रदेश की जनता, देश की जनता और देश के विकास व ऊंचाई पर देखने की चाहत रखने वाला हर व्यक्ति भाजपा के साथ है। श्री नंदी ने कहा कि व्यापारी वर्ग भाजपा के साथ है और जनता हमारे साथ है यही 2024 में हमारी प्रचंड जीत का आधार बनेगा। उन्होंने व्यापारी सम्मेलन में नौ साल के दौरान सरकार की ओर से देश में व्यापार को बढ़ाने और भारतीय माल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचाने दिलाने के लिए मोदी के नेतृत्व में किये गये प्रयासों की जानकारी दी।

सम्मेलन की अध्यक्षता सांसद अनुराग शर्मा ने की।कार्यकम में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति व्यापार प्रकोष्ठ के सदस्य श्याम मोहन दुबे ने मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान झांसी सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, शिक्षक एमएलसी बाबूलाल तिवारी और एमएलसी रमा निरंजन, भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, महापौर बिहारी लाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम , जमुनाप्रसाद कुशवाहा कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंकुर दीक्षित ,मनमोहन गेड़ा और दीपक हीरवानी कार्यक्रम संयोजक रहे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, उद्योग व्यापार मंडल, उद्योग प्रतिनिधि मंडल,जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल और इन्ही संगठनों की जिला और नगर कारिणी के सदस्य एवं पदाधिकारियों के साथ इन संगठनों के महिला व्यापार मंडलों के सदस्यों के साथ क्षेत्र विशेष के व्यापारिक मंडलों ने भी हिस्सा लिया। आयोजन मंडल में पुनीत अग्रवाल, पंकज शुक्ला,सौरभ मिश्रा और दीपक वशिष्ठ आदि उपस्थित रहे।