झांसी। पति के दूसरी महिला से अवैध संबंधों से दुखी पत्नी ने जहर खाकर जान दे दी। दोनों के बीच दूसरी महिला को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। 15  दिन पहले ही इस मामले में पंचायत हुई थी। इसमें पति-पत्नी दोनों को समझाया गया लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। शनिवार को पत्नी ने जहर खा लिया। मायके पक्ष के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
बरुआसागर के हनुमान का खिरक बरेठी निवासी धीरज कुशवाहा के साथ जतारा बरेठी निवासी रेखा की शादी हुई थी। शनिवार को धीरज किसी काम से बाहर गया था। इस दौरान रेखा ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। शाम को जब धीरज घर वापस लौटा तब रेखा को बेहोशी की हालत में बिस्तर पर पड़े देख कर वह घबरा गया।

आनन फानन में रेखा को अस्पताल ले जाया गया वहां चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मायके के लोग भी पहुंच गए और उन्होंने धीरज पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना था कि धीरज का किसी महिला से अवैध संबंध हैं। इसकी जानकारी लगने पर रेखा आवेश में आ गई। इसके बाद पति-पत्नी में झगड़ा होने लगा। परेशान होकर रेखा ने मायके में यह बताई। पंद्रह दिन पहले उन लोगों ने पति-पत्नी के बीच समझौता कराया लेकिन, रविवार को रेखा की मौत हो गई। परिजनों ने रेखा की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।