झांसी। झांसी -कानपुर हाईवे पर दोस्त के साथ बाइक पर गया युवक सड़क हादसे में मौत का शिकार हो गया। मृतक पारीछा प्लांट में काम करता था। इसी प्रकार भगवंतपुरा – दिगारा मार्ग पर घर से टहलने गए युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिले में चिरगांव थानान्तर्गत ग्राम बजैरा निवासी लगभग 28 वर्षीय नीरज परिहार पारीछा प्लांट के डस्ट प्लांट में ऑपरेटर का काम करता था। भाई हेमंत परिहार के अनुसार नीरज को गत शाम घर से उसका दोस्त बाइक से अपने साथ ले गया। इसके बाद आज सुबह उन्हें पता चला कि झांसी-कानपुर हाईवे पर मोंठ थानान्तर्गत ग्राम अमरा के पास उनका एक्सीटेंट हो गया। जिसमें उन्हें झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। जहां उनकी मौत हो गई। जबकि उनका साथी घायल है जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसी प्रकार जिले के उल्दन थानान्तर्गत ग्राम हाटी होटा निवासी लगभग 47 वर्षीय राजीव कुमार वर्तमान में सदर बाजार थानान्तर्गत भगवंतपुरा में रहते हैं। भांजे मनीष के अनुसार राजीव कुमार क्रेन सर्विस का काम करता थे। राजीव गत दिवस घर से टहलने के लिए पैदल निकले थे। राहगीरों द्वारा उन्हें पता चला वह भगवंतपुरा-दिगारा मार्ग पर घायलावस्था में पड़े हुए हैं। घायलावस्था में उन्हें उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।