झांसी। जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लगभग 15 दिन पहले हुई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के भाई  को पकड़ लिया। उसने गलत चरित्र होने से परेशान होकर बहन और उसकी बेटी पर हमला कर दिया था। जिसमें बहन की मौत हो गई। जबकि मृतका की बेटी घायल हो गई थी।

दरअसल 11/12 जून की रात्रि में जिले के प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नीतू रायकवार और उसकी बेटी घायलावस्था में पड़ी हुई है। दोनों को पुलिस ने उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। जहां नीतू की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए छानबीन की तो पता चला कि नीतू की हत्या हुई। हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका अपना भाई मनीष रायकवार है।

पुलिस ने उसे सोमवार रात गैस बाबा मजार के पास से आरोपी मनीष को पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में मनीष टूट गया। उसने कुबूल कर लिया कि डंडे से उसने नीतू की हत्या कर दी थी। भांजी बहन के पास सो रही थी। इस वजह से वह घायल हो गई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आला कत्ल डंडा एवं खून से सना कपड़ा बरामद कर लिया। पूछताछ में बताया कि बहन का चाल-चलन अच्छा न होने से मोहल्ले के लोग उसका मजाक बनाते थे। यह बात उसे नागवार गुजरती थी। बहन उसकी बात नहीं सुन रही थी। इस वजह से उसकी हत्या कर दी। एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी को जेल भेज दिया गया।