झांसी। जिले के बरुआसागर श्मशान घाट में बुधवार सुबह एक वृद्ध की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उसके सिर में चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

बरुआसागर के घसरपुरा निवासी किसान लख्खू कुशवाहा (80) मंगलवार को खेत पर गए थे। बेटे बाबू कुशवाहा ने संभावना व्यक्त की है कि शाम को घर लौटते वक्त तेज बारिश होने लगी थी। इस पर पिता रास्ते में श्मशान घाट में बने बरामदे में छुपने चले गए। बारिश में सीढ़ियों से पैर फिसल गया। गिरने से उनके सिर में चोट लगी और उनकी मौत हो गई।

मंगलवार रात को लख्खू कुशवाहा घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह लोग टहलने निकले तो उनको श्मशान घाट में लाश नजर आई। इसके बाद गांव के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।