– ससुराल से 5 दिन पहले मायके लौटी पर खुशी गुमशुम रही, जांच में जुटी पुलिस

– पुलिस ने महिला का मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

झांसी। ऐसा क्या हुआ कि शादी के चार माह में ही नव विवाहिता की खुशियों व खिलखिलाती जिंदगी पर ग्रहण लग गया। कोई समझ नहीं पाया और उसने ससुराल से लौट कर मायके में 5 दिन गुमशुम रह कर ऐसा कदम उठाया कि कोहराम मच गया। नव विवाहिता ने मायके में जिंदगी को ही हमेशा हमेशा के लिए अलविदा कह अपने पीछे दुःख का सागर छोड़ दिया।
यह कहानी उस आकांक्षा की है, जिसने शादी के 4 माह बाद ही सुसाइड कर लिया। दरअसल झांसी के थाना रक्सा क्षेत्र अंतर्गत करौंदी माता मंदिर के पास आजाद नगर कॉलोनी निवासी ठेकेदार आजाद यादव की मंझली बेटी आकांक्षा (22) की शादी 6 फरवरी 2023 को खैलार निवासी भेल में संविदा कर्मी जितेंद्र यादव से हुई थी। परिजनों ने बताया कि 23 जून को आकांक्षा ससुराल से मायके आई थी। मायके आने के बाद भी वह गुमसुम रहती थी। किसी से अधिक बात नहीं करती थी। किसी ने भी उसके गुमशुम रहने का कारण जानने या समझने की कोशिश नहीं की नतीजतन वह घुटती रही।

इस दौरान बुधवार सुबह पिता घर के पास बने अपने ऑफिस में चले गए, जबकि मां बाहर सब्जी लेने चली गईं। मौका देख कर घर में अकेली आकांक्षा ने अंदर के कमरे में जाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब मां लौटकर घर आई तब बेटी को फंदे से लटका देख चीख-पुकार करने लगी। चीख-पुकार सुन आसपास के लोग भी आ गए। सूचना मिलने पर रक्सा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। रक्सा थाना प्रभारी अरुण तिवारी का कहना है कि परिवार के लोग उसके आत्महत्या करने की वजह नहीं बता पा रहे हैं। फिलहाल जांच पड़ताल के क्रम में पुलिस ने विवाहिता का मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।

जो भी किया, अपनी मर्जी से किया…
आकांक्षा ने अपने बांये हाथ की हथेली पर पांच लाइन लिखी थीं। इसमें उसने लिखा था कि जो भी किया, मैंने अपनी मर्जी से किया। किसी की वजह से नहीं… मेरे मरने की वजह मैं खुद हूं।