झांसी। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त झांसी आरपीएफ विवेकानंद नारायण ने बताया कि अबोध बालिका से झांसी स्टेशन पर छेड़छाड़ प्रकरण में लापरवाही बरतने पर आरपीएफ स्टेशन पोस्ट पर तैनात एएसआई व महिला आरक्षी सहित 3 को चार्जशीट जारी कर दी गई है, जल्द ही दण्डित किया जाएगा। गौरतलब है कि इस मामले में जीआरपी एसपी द्वारा गत दिवस ही लापरवाही बरतने पर झांसी थाना के दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया था।

आरपीएफ लाइन में पहली बार मीडिया से रू-ब-रू होते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रे.सु.ब. विवेकानंद नारायण ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि आरपीएफ द्वारा महिला सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है, किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीनियर कमांडेंट ने बताया कि वर्तमान में रे.सु.ब. मंडल में ”आपरेशन नन्हे फरिश्ते अभियान” के तहत किसी कारणवश घरों से पलायन करने वाले या भटके बिछुड़े बच्चों को बरामद कर चाइल्ड लाइन की मदद से दुःखी परिवार की खुशियां लौटाई जा रही हैं।उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वर्ष 2022 में 237 बच्चों को और वर्ष 2023 में 122 बच्चों को बरामद किया गया है। अभियान जारी है।

उन्होंने बताया कि आरपीएफ रेल और यात्रियों की सुरक्षा के लिए मुश्तैद है। उन्होंने कहा कि आरपीएफ जीआरपी से समन्वय बनाकर ट्रेन और स्टेशन पर अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए तत्पर है। इसके चलते रेल सम्पत्ति  पैसेंजर्स की सुरक्षा के साथ ही बड़ी मात्रा में चोरी का माल व मादक पदार्थों की बरामदगी कर अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। इस दौरान नवल किशोर, प्रभारी निरीक्षक/आरपीएफ कंट्रोल रूम/झाँसी मनोज शर्मा, निरीक्षक प्रशासन पोस्ट झांसी आदि उपस्थित रहे।

अब आरपीएफ में भी मीडिया से बेहतर समन्वय हेतु मीडिया प्रभारी 

सीनियर कमांडेंट ने बताया कि झांसी मंडल में मीडिया से बेहतर कोऑर्डिनेशन हेतु मीडिया प्रभारी की व्यवस्था कर दी गई है। इस पद का दायित्व मनोज शर्मा, निरीक्षक प्रशासन पोस्ट झांसी को सौंपा गया है।

गौरतलब है कि अभी तक मीडिया को आरपीएफ से संबंधित मामलों अपराध व उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी आदि समय पर उपलब्ध नहीं होती थी। जिस कारण जहां मीडिया को सही जानकारी को लेकर दिक्कत हो रही थी, वहीं पर अपुष्ट जानकारी के प्रकाशित खबरों से आरपीएफ की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे थे। सीनियर कमांडेंट द्वारा मीडिया प्रभारी की व्यवस्था से निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे। इस व्यवस्था को साहू जागरण डॉट कॉम (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल) द्वारा सराहनीय बताते हुए बधाई दी गई है।