बी.टी.सी प्रशिक्षित थी मृतका, मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोफ

झांसी। जिले में नवाबाद थाना क्षेत्र के पिछोर में बीटीसी प्रशिक्षित विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति जहां उसके फांसी लगाने की बात कह रहा है वहीं, विवाहिता के मायके पक्ष के लोग उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। मायके पक्ष की ओर से मृतका के पति के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

जिले में बरुआसागर के कटरा मोहल्ला निवासी रोशनी प्रजापति का विवाह पिछोर निवासी कालीचरण से मई 2021 में हुआ था। कालीचरण एक बैंक में प्राइवेट गार्ड की नौकरी करता है। रोशनी के परिजनों के मुताबिक रोशनी ने बीटीसी किया था। वह नौकरी करना चाहती थी लेकिन, पति समेत ससुराल के लोग इसके लिए राजी नहीं थे। इस बात पर रोशनी की पति के साथ अक्सर कलह होती थी। कुछ दिनों पहले कालीचरण को बैंक ने हटा दिया। इससे आर्थिक हालात बिगड़ने लगे। इसी दौरान रोशनी को एक प्राइवेट विद्यालय में नौकरी मिल गई। रोशनी ने यह बात पति कालीचरण को बताई लेकिन, उसने नौकरी करने से मना कर दिया।

घर के हालात सुधारने के लिए रोशनी ने बेरोजगार पति की यह बात नहीं मानी। बुधवार को सुबह वह स्कूल जाने के लिए तैयार होने लगी लेकिन, इस बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा होने लगा। पति कालीचरण का कहना है कि रोशनी अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आई। उसने अंदर जाकर देखा तब वह पंखे से दुपट्टे के फंदे से लटकी थी। उसने फंदे को काटकर उसे नीचे उतारा और मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने रोशनी को मृत घोषित कर दिया।

रोशनी की मौत कई जानकारी मिलने पर मायके के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। मायके पक्ष के लोगों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि मंगलवार की रात में ही रोशनी ने फोन करके विवाद की बात बताई थी। फांसी लगाने की सूचना कालीचरण ने किसी को नहीं दी। पुलिस को भी नहीं बताया। रोशनी के शरीर पर चोट के निशान हैं। नाराज परिजनों ने नवाबाद पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।