झांसी। झांसी के 6 वर्षीय बालक ने अंतर्राष्ट्रीय रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करा प्रतिभा का परिचय दे दिया है। यह रिकॉर्ड उन्हें सबसे कम समय यानि 115 सेकेंड में भारत के नक्शे को जिगसॉ पजल के माध्यम से जोड़ने के लिए मिला है। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की तरफ से उन्हें उनकी इस उपलब्धि के लिए एक मेडल और सर्टिफिकेट भी दिया गया है।

झांसी के दतिया गेट निवासी सुनील बंसल का 6 वर्षीय पुत्र आभास झांसी के आरएलपीएस में कक्षा 1 का छात्र है। आभास 3 वर्ष का था तभी से पजल सॉल्व करना शुरू कर दिया था। उसे ऐसे ही खेल पसंद थे जिसमें चीजों को सुलझाने हो। कुछ समय बाद उनके माता पिता ने उन्हें भारत के नक्शे वाला पजल लाकर दिया। पहली बार अपने पिता की मदद से आभास ने नक्शा जोड़ा। उसके बाद वह लगातार प्रैक्टिस करता रहा और खेल खेल में ही यह एक रिकॉर्ड बन गया।

आभास की इच्छा डॉक्टर बनने की है किंतु, पजल से उनका रिश्ता बना रहेगा क्योंकि इसी से उसे शोहरत मिली है। आभास के पिता सुनील बंसल का कहना है कि आभास मोबाइल पर गेम खेलने से अधिक रुचि पजल और क्रॉसवर्ड सॉल्व करने में लगाता है। आभास की यह उपलब्धि झांसी के लिए गौरव की बात है, भविष्य में कुछ और उपलब्धियां जुड़ सकती हैं।