झांसी में प्रतियोगी छात्र का शव बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला 

झांसी। जिले के थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर की राजपूत कॉलोनी में बंद कमरे में एक प्रतियोगी छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक 24 घंटे से कमरे से बाहर नहीं निकाला था। उसके कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगी हुई थी। उससे मोबाइल कनेक्ट था लेकिन, पैटर्न लॉक होने से मोबाइल खुल नहीं सका। संभावना है कि मोबाइल फोन से उसकी मौत का राज उजागर हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
दरअसल, मूल रूप से जालौन के काेंच के गोवर्धनपुरा गांव निवासी रितिक पटेल (20) पुत्र महेंद्र शिवाजी नगर में सुरेंद्र प्रकाश के यहां किराए का कमरा लेकर रहता था। परिजनों के मुताबिक रितिक पिछले तीन साल से झांसी में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा था। पड़ोस के लोगों का कहना है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह अंतिम बार दिखा था। इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला। रविवार को भी बाहर न निकलने पर मकान मालिक ने उसे आवाज दी। जवाब न मिलने पर आसपास के लोगों की मदद से जब उन्होंने दरवाजा खोला तब उसका शव गमछे के सहारे पंखे से लटका हुआ था।

सूचना मिलने पर पिता महेंद्र समेत उसके अन्य परिजन पहुंच गए। पिता के मुताबिक 24 अगस्त को रितिक उरई आया था। यहां उसने डीएल के लिए अपना फार्म भरा। कुछ देर घर पर ठहरने के बाद झांसी आ गया। उसके सुसाइड करने की वजह पिता भी नहीं बता पाए। सूचना मिलने पर नवाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस के मुताबिक रितिक के कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगी थी। मोबाइल में पैटर्न लॉक लगा था। इस वजह से मोबाइल खुल नहीं सका। मोबाइल के खुलने पर मौत का कारण पता चल सकता है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।