बबीना विधायक ने अत्यधिक विद्युत कटौती व कम वोल्टेज की समस्याओं पर चिंता जताई 

0
144
Oplus_16908288

झांसी। विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा ने विधान सभा क्षेत्र बबीना सहित जनपद झांसी के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विगत कुछ समय से अत्यधिक विद्युत कटौती एवं कम वोल्टेज की समस्या गंभीर रूप से बनी रहने से आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करने पर चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर बताया कि भीषण गर्मी के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं दैनिक कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है । क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार यह शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति नहीं की जा रही है, जिसके कारण लोगों में व्यापक असंतोष व्याप्त है। अनेक स्थानों पर अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है तथा कम वोल्टेज की समस्या के कारण विद्युत उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति एवं सिंचाई व्यवस्था भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।

इसके अतिरिक्त यह भी संज्ञान में लाना है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आमजन तथा जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे समस्याओं का समयबद्ध निराकरण नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों की इस कार्यशैली के कारण आमजन में शासन-प्रशासन के प्रति असंतोष आक्रोश उत्पन्न हो रहा है।

उन्होंने जनहित में अनुरोध किया है कि उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का कष्ट करें कि शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करायी जाये, कम वोल्टेज की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाये तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाये, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here