झांसी। जिले में अलग अलग घटनाओं में दो किसानों की असमय मौत हो गई है। बरुआसागर में एक युवा किसान खेत पर जाते समय बरुआ नाले में डूब गया तो दूसरा शाहजहांपुर में धान के खेत में विद्युत करंट का शिकार बन गया।

झांसी जिले के बरुआसागर थानान्तर्गत ग्राम चिपलौटा में लगभग 36 वर्षीय किसान नरेन्द्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। कई घंटे रेस्क्यू चलाकर पुलिस ने उसके शव को तालाब से निकालने में सफलता हासिल हुई। मृतक  के शरीर पर तालाब में उगने वाली घास लिपटी हुई थी।परिजनों ने आशंका जताते हुए कहा कि तालाब लगभग 20 फीट गहरा है इसमें बरुआ नाले का पानी आता है। विगत दिवस वह खेत पर जाने के लिए वह नाले को पार कर रहा होगा। इसी दौरान वह घास में फंसने के कारण उसमें डूब गया और उसकी मौत हो गई।

जिले के शाहजहांपुर थानान्तर्गत ग्राम बमरौली निवासी लगभग 65 वर्षीय किसान प्रताप सिंह अपने खेत में धान की फसल में पानी लगाने के लिए मोटर चलाने गया था। इसी दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गया। जानकारी होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उक्त दोनों शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।