अजगर ने वन विभाग के एक कर्मचारी को किया घायल

झांसी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी से झांसी की ओर आ रहे ट्रक में विशालकाय अजगर घुस गया। जिससे वहां हड़कम्प मच गया। सूचना मिलतेे ही वन विभाग की टीम ने लगभग 3 घंटे मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली। इस दौरान अजगर ने वन विभाग के कर्मचारियों पर हमला भी कर दिया था। जिसमें एक कर्मचारी घायल हो गया था।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी से झांसी की ओर एक ट्रक आ रहा था। हाईवे पर रक्सा थानान्तर्गत ग्राम डगरवाहा के पास स्थित पेट्रोल पम्प के पास ट्रक रुका, तभी ट्रक के नीचे विशालकाय अजगर नजर आया। अजगर देख वहां हड़कम्प मच गया, किंतु कोई उसे निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को पकड़ने का प्रयास शुरु कर दिया। इसी दौरान एक कर्मचारी को अजगर ने काट लिया। जिसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। इसके बाद लगभग 3 घंटे कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को वन विन विभाग टीम ने पकड़ने में सफलता हासिल कर ली। पकड़ने के बाद टीम अजगर को भगवंत पुरा के जगंल में छोड़ आई।