पति व नन्दों पर लगाया ज़हर खिला कर मारने का आरोप 

झांसी। जिले के बरुआसागर थानान्तर्गत ग्राम खडेश्वर में नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका की 4 माह पहले शादी हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि दहेज में बाइक न मिलने के कारण पति और नंदों ने मिलकर युवती को जबरन विषाक्त खिलाया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका ने मरने से पहले मोबाइल पर बयान दिया।

झांसी जिले में बरुआसागर थानान्तर्गत ग्राम खडेश्वर में निवासी अशोक रायक्वार के साथ लगभग 20 वर्षीय दिव्या उर्फ विद्या रायकवार निवासी ग्राम छियौटा थाना समथर की शादी जून 2023 में हुई थी। पिता ग्यासी के अनुसार दिव्या 5 बहने है। जिसमें दिव्या सबसे छोटी थी। दिव्या का एक भाई भी है। उसने बेटी दिव्या की शादी में हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। लेकिन दिव्या का पति और ससुरालीजन उससे खुश नहीं थे और लगातार अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग करते चले आ रहे थे। कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मान रहे थे।

उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को दिव्या का भाई अपनी भांजी रोहिनी के साथ उसकी सुसराल मिलने गया हुआ था। गांव पहुंचने पर पता चला कि दिव्या खेत पर काम कर रही है। जिस पर उसका भाई खेत पर चला गया। जहां उसकी बहन काम छोड़कर अपने भाई से मिलने के लिए खेत किनारे आकर बैठ गई। आरोप है कि यह बात उसके पति का पंसद नहीं आई और उन्होंने दिव्या को खेत पर ही थप्पड़ मार दिया। इसके बाद घर पर जाकर उसके पति ने अपनी बहनों के साथ मिलकर दिव्या को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। दिव्या का बयान देते हुए इसका वीडियो बना लिया गया। हालत गम्भीर होेने पर दिव्या को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।