कड़ी मशक्कत से क्षतिग्रस्त कार से निकले चारों सवार

झांसी। जिले के चिरगांव – गुरसरांय मार्ग पर एक कंटेनर में तेज भागती ईको कार घुस कर कबाड़ में तब्दील हो गई। कार में सवार 4 लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर उपचार के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया। जहां एक घायल युवक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य को उपचार दिया जा रहा है।

यह घटना झांसी जिले के चिरगांव थानान्तर्गत रामनगर पुल के पास की बताई जा रही है। जहां चिरगांव से गुरसरांय की ओर एक कंटेनर जा रहा था। तभी गुरसरांय से चिरगांव की तरफ तेज रफ्तार से जा रही एक ईको कार जिसमें 4 लोग सवार थे कंटेनर में जा घुसी।

अचानक हुए इस घटनाक्रम में कार सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे को देख राहगीरों ने इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर घंटों मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के झांसी मेडिकल कालेज भेजा। जहां डॉक्टरों ने एक मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य को उपचार दिया जा रहा है।

मृतक का नाम अरविंद बताया जा रहा है। जबकि घायलों के नाम नमन, महादेवी और विनोद पाल बताये गये हैं। सभी कल्याण पुरा टहरौली थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।