मामला प्रेम प्रसंग का होने की संभावना, एक हिरासत में
झांसी। जिले के टोडी फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव बुढई में दिल-दहलाने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार की रात चार बच्चों के साथ सो रही 35 वर्षीय रजनी अहिरवार की धारदार हथियार से गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे फरार हो गए।
शुक्रवार तड़के चारपाई पर खून से सना अर्द्धनग्न शव मिलने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग में वारदात का होना बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि महिला का पति बाहर रहकर मजदूरी करता है, जबकि वह अपनी तीन बेटियों व एक बेटे व परिजनों के साथ गांव में रहती थी।
बताया गया है कि मृतका गुरुवार की देर रात बच्चों के साथ खाना खाकर सो गई। संभावना है कि रात में ही हत्यारे उसके घर में घुसे। हत्यारे ने धारदार हथियार से रजनी की हत्या कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। शुक्रवार तड़के जब बच्चों के रोने-चीखने की आवाजें आईं तो सास सहित आसपास के लोग जागे। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो दंग रह गए।
महिला का खून से सना शव चारपाई पर पड़ा था। शरीर पर कपड़े अस्त-व्यस्त थे। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. अरविंद कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह, टोडीफतेहपुर थाना पुलिस के साथ पहुंचे और मौका-मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जो काफी देर तक सुबूत जुटाने में लगी रही। मृतका की सास की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ चल रही है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रेम संबंध में महिला की हत्या की गई है। हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित। मृतका का पति भूपत अहिरवार काम के सिलसिले में हरियाणा के रोहतक में था, घर पर बच्चों के साथ अकेली थी महिला।














