झांसी। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में झाँसी मंडल में वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, ललितपुर, बाँदा, चित्रकूट, उरई, महोबा, खजुराहो आदि स्टेशनों पर वृहद स्तर पर टिकट जांच अभियान चलाया गया । अभियान में मंडल से गुजरने वाली सभी गाड़ियों की सघन चेकिंग की गई, विशेष तौर पर महिला व दिव्यांग कोचों में जांच की गई।

इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले लगभग 15000 यात्रियों से 1 करोड़ से अधिक राशि वसूली गयी | साथ ही बिना बुक लगेज,गंदगी फैलाने व धूम्रपान करने से सम्बंधित 11700 प्रकरण पकड़े गए, जिनसे 50 लाख से अधिक राशि वसूली गयी।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि हमारी टिकट जांच टीम निष्ठापूर्वक दिन-रात रेल हित में कार्य कर रही है, जिससे रेल राजस्व में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है,  जिसका परस्पर उपयोग देश के विकास में हो रहा है |  हमारे द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले जाँच कर्मियों को समय समय पर पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया जा रहा है |