शोभायात्रा के साथ श्रीकुंज बिहारी मंदिर में श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ

0
60
Oplus_16908288

झांसी। सिविल लाइन, ग्वालियर रोड स्थित श्री कुंज बिहारी मंदिर में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद भागवत कथा का कलश यात्रा नगर भ्रमण के साथ शनिवार 23 मई से शुभारंभ हो गया। कथा व्यास बुंदेलखण्ड धर्माचार्य पूज्य महंत श्री राधामोहन दास महाराज ने रसिक श्रद्धालुओं को प्रथम दिवस श्रीमद भागवत कथा के महातम्य का रसास्वादन कराया।

प्रारम्भ में बुंदेलखण्ड धर्माचार्य महंत राधामोहन दास के पावन सानिध्य में पचकुंइया मंदिर से कलश यात्रा निकाली गयी। कलश यात्रा पचकुंइया मंदिर से प्रारंभ होकर खण्डेराव गेट, आशिक चौराहा, आंतिया तालाब से बीकेडी चौराहा होते हुए कार्यक्रम स्थल कुंजबिहारी मंदिर पर पहुंची जहां सभी श्रद्धालुओं को भण्डारे का प्रसाद परोस कर खिलाया गया।

शोभायात्रा भ्रमण के दौरान स्थान स्थान पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में पीत वस्त्र धारण कर महिलायें सिर पर कलश लेकर एवं मुख्य यजमान श्रीमती ममता अजय अग्रवाल सिर पर भागवत ग्रंथ धारण कर आगे आगे चल रहे थे। डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों पर थिरकते युवा हाथ में धर्मध्वजा लहराते हुए चल रहे थे, बग्गी पर सवार एवं भगवान के स्वरुप शोभायमान हो रहे थे। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद सुजीत तिवारी,कृष्णा अग्रवाल, विजय अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, श्रीराम साहू, कुंजबिहारी मंदिर के पुजारी बालकदासजी, गिरवरधारी मंदिर के पुजारी मदनमोहन दास मौजूद रहे।

सायंकालीन बेला में प्रथम दिवस का प्रसंग सुनाते हुए कथा व्यास महंत राधामोहन महाराज ने कहा कि श्रीमद भागवत कल्पवृक्ष का पका हुआ फल है। श्रीमद भागवत को भगवान श्री कृष्ण का वांगमय स्वरुप बताते हुए उन्होंने कहा कि संत और भगवंत की कृपा होने से ही इस प्रकार के दुर्लभ अवसर हम सभी जीवों को प्राप्त होते हैं।मानव तन को दुर्लभ बताते हुए उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी रामचरित मानस में लिखते हैं बड़े भाग्य मानुष तन पावा,सुर दुर्लभ सब ग्रंथन गावा। अर्थात मानव तन पाने के लिए देवता भी तरसते हैं, लेकिन जिस पर संत और भगवंत की कृपा होती है उसे सभी अवसर शुलभ हो जाते हैं। प्रारंभ में आचार्य रामलखन उपाध्याय ने श्री गणेश पूजन,ग्रंथ पूजन एवं व्यास पीठ का पूजन कराया। परीक्षित ममता अजय अग्रवाल, पूनम रविंद्र मोहन अग्रवाल, गायत्री किशन लाल अग्रवाल, नीतू राकेश अग्रवाल, दीर्घा विजय अग्रवाल, पीहू, आदित्य, राघव, राधिका, समृद्धि, माधव आदि ने श्रीमद भागवत पुराण की आरती उतारी। अंत में व्यवस्थापक पवनदास ने आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here