झांसी। शिक्षक विधायक डॉ बाबूलाल तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बुंदेलखंड में भीषण गर्मी के दृष्टिगत जनगणना कार्यक्रम को स्थगित कर अन्य माह में कराने की अपेक्षा की है।
उन्होंने लिखे पत्र मुख्यमंत्री का ध्यान बुंदेलखंड क्षेत्र में वर्तमान में पड़ रही अत्यधिक और अभूतपूर्व भीषण गर्मी की ओर आकर्षित कराया है। उन्होंने बताया कि सर्वविदित है कि इस समय संपूर्ण भारत वर्ष सहित यह क्षेत्र प्रचंड लू और ऊंचे तापमान की चपेट में है। ऐसी अत्यंत प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में भी क्षेत्र के शिक्षकों द्वारा जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य का संपादन निरंतर किया जा रहा है। अत्यधिक ताप और लू के कारण कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर इसका अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे वे गंभीर रूप से अस्वस्थ हो रहे हैं। इस कारण लोकहित एवं कर्मचारी कल्याण के दृष्टिकोण से यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।
राज्य सरकार के स्तर से केंद्र सरकार को इस विषम परिस्थिति से अवगत कराया जाए। जनहित और शिक्षक हित को ध्यान में रखते हुए बुंदेलखंड क्षेत्र में इस जनगणना कार्यक्रम को वर्तमान के स्थान पर आगामी जुलाई/अगस्त माह में पुनर्गठित कराने हेतु आवश्यक नीतिगत प्रयास किए जाएं। उन्होंने अनुरोध किया है कि शिक्षकों की इन व्यावहारिक और स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए।
गौरतलब है कि इस संबंध में बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उप्र के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेन्द्र यादव , प्रदेश उपाध्यक्ष रसकेन्द्र गौतम ने शिक्षक विधायक को ज्ञापन देकर ध्यान आकर्षित किया गया था।














