झांसी। जिले के कटेरा क्षेत्र में खेत की रखवाली कर रहे 33 वर्षीय किसान की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में गांव के ही 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

जनपद झांसी में कटेरा थानान्तर्गत ग्राम पुखरयां खिरक निवासी 33 वर्षीय महेश रैकवार रविवार को खेत की रखवाली करने गया था। खेत से जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने सोमवार को सुबह मौके पर जाकर देखा। खेत में महेश का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी करते हुए शव को कब्जे में लिया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हत्या का आरोप गांव के चार लोगों पर लगाया गया है। जिसकी शिकायत मिलने पर चारों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। मृतक की हत्या किस कारण से की गई इसकी छानबीन की जा रही है।