शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों

झांसी। जिले के रक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत झांसी-शिवपुरी हाईवे पर करौंदी माता मंदिर के पास रात में हुए तेज रफ्तार बाइक से हुए सड़क हादसे में दो की मौत हो गई।

जिले के थाना रक्सा के ढिमरयाना मोहल्ला निवासी राज रायकवार (20) की फुफेरी बहन के देवर की शादी थी। वह दोस्त की बाइक मांगकर रविवार रात को शादी में शामिल होने पर झांसी शहर में गोविंद चौराहा के पास आया था। उसके साथ फुफेरा भाई 15 साल का नैतिक भी था। रविवार की रात में दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जब वे करौंदी माता मंदिर के पास पहुंचे तो अचानक मध्य प्रदेश के कटनी निवासी धुर्वे आदिवासी (40) सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आ गया। रफ्तार अधिक होने से बाइक ने धुर्वे को रौंद डाला। टक्कर के बाद बाइक गिरने से राज और नैतिक भी घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां पर राज रायकवार और धुर्वे को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बताया राज रायकवार सब्जी का ठेला लगाता था। साथ ही वह डीजे बजाने का काम भी करता था। चार बहन-भाइयों में वह बड़ा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। जबकि, धुर्वे आदिवासी फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था। दो घंटे पहले ही वह परिवार के साथ झांसी आया था और घटनास्थल के पास एक मैदान में रुका था। वह दुकान से सामान लेने जा रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।