झांसी। बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित झांसी जिले के 37,330 किसानों के खाते में बीमा कंपनी की ओर से 9.83 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई है। फिलहाल कंपनी की ओर से प्रभावित किसानों को 25 प्रतिशत बीमा राशि का भुगतान किया है और जल्द ही बाकी राशि भी संबंधित किसानों के खाते में भेजी जाएगी।

गौरतलब है कि मार्च माह की शुरुआत में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने जनपद के 145 गांवों के 68,599 किसानों के खेतों में तबाही मचाई थी। इस आपदा में प्रभावित गांवों की 50,927 हेक्टेयर में रबी की फसल 33 प्रतिशत से अधिक खराब हो गई थी। इस मामले में सांसद अनुराग शर्मा व विधायक राजीव सिंह पारीछा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य द्वारा शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर फसल की क्षति का आंकलन कर प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति की मांग की गई थी।

इसी क्रम में प्रशासन की ओर से 83 करोड़ रुपये की क्षति का आकलन किया गया था। फसलों को सबसे ज्यादा 55 करोड़ की क्षति मऊरानीपुर तहसील में हुई थी। जबकि, झांसी सदर तहसील 21 करोड़ और मोंठ में सात करोड़ रुपये की क्षति सामने आई थी। अब फसल बीमा कंपनी टोक्यो जनरल इंश्योरेंस कंपनी की ओर से तीनों तहसीलों के 37,330 किसानों के खाते में 9.83 करोड़ रुपये की बीमा राशि भेजी गई है। तात्कालिक तौर पर कंपनी की ओर से 25 फीसदी बीमा राशि प्रभावित किसानों को उपलब्ध कराई गई है। जल्द ही बाकी रकम भेजने की भी तैयारी है।

मुआवजे के लिए 25 करोड़ और मांगे
आपदा पीड़ित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए शासन की ओर से शुरुआत में दो करोड़ रुपये भेजे गए थे। इसके बाद पांच करोड़ रुपये का और आवंटन हुआ था। किसानों को मुआवजा उनके बैंक खातों में भेजा जा रहा है। जबकि, अब प्रशासन की ओर से 25 करोड़ रुपये और शासन से मांगे गए हैं। इस राशि का भुगतान सुनिश्चित होने के बाद शासन से अगली किस्त की डिमांड की जाएगी।