झांसी। भारतीय मजदूर संघ के प्रान्तीय महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय ने झांसी क्षेत्र के श्रमिकों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मजदूरों के हितों के लिए सतत संघर्ष जारी रहेगा।

महामंत्री ने आगरा में आयोजित मजदूर संघ का 36 वां वार्षिक प्रान्तीय अधिवेशन की जानकारी देते हुए बताया कि अधिवेशन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअली सम्बोधित किया। भारतीय मजदूर संघ के प्रान्तीय अधिवेशन में श्रमिकों के हितों के लिए दस प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजे गए हैं। भारतीय मजदूर संघ ने न्यूनतम मजदूरी के स्थान पर जीविका मजदूरी (लिविंग वेज), कर्मचारी पेंशन योजना की पेंशन में बढ़ोत्तरी, ठेका प्रथा समाप्त करने हेतु ठेका अधिनियम 1970 संशोधित करने, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए श्रम कानूनों एवं सामाजिक सुरक्षा कानूनों के अन्तर्गत सभी सुविधायें प्रदान करने, आंगनवाडी कार्यकत्री एवं आशा वर्कर को शासकीय कर्मचारियों के समकक्ष मानदेय एवं सेवानिवृत्ति हित लाभ देने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य विभाग में स्थाई सेवा में समायोजित करने, राज्य कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने, उत्तर प्रदेश सुगर उद्योग की समस्याओं का समाधान करने, न्यू पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू करने, सभी शासकीय विभागों में रिक्तियों को भरने सम्बन्धी प्रस्ताव पास कर श्रमिकों में नई आशा जगाने का काम किया है।

उन्होंने बताया कि भारतीय मजदूर संघ ने संगठन के विस्तार एवं सभी क्षेत्रों में पहुंच बढ़ाने के लिए समस्त प्रदेश में मुहिम चलाई है। भारतीय रेल पर मान्यता के लिए होने वाले चुनाव में भारतीय मजदूर संघ की भूमिका अत्यन्त प्रभावकारी होगी। रेलवे पर पहले से कार्यरत दोनों मान्यता प्राप्त संगठनों पर भारतीय रेल मजदूर संघ बढ़त बनायेगी, भारतीय मजदूर संघ रेलवे पर चुनाव से पूर्व सभी संगठनों के लिये समान अधिकार उपलब्ध कराने की मांग करता है (Equal field for playing game)। कारखाना में 01 व 02 जून 2022 की कर्मचारियों की काटी गयी 02 दिन की वेतन के लिये UMRKS श्रम न्यायालय में संघर्षरत है जिसमें कर्मचारियों का पक्ष भारी है। झांसी dot phi डीजल शेड, ए.सी. शेड एवं अन्य कारखानों / शेडों में नियमानुसार वर्दी भत्ता/वर्दी दी जाये क्योंकि अन्य कारखानों/शेडों में वर्दी भत्ता कर्मचारियो को दिया जा रहा है। भारतीय रेल पर अलग-अलग नियम लागू होना अचंभित करता है। रनिंग कर्मचारियों के मामले में भी रेल प्रशासन के अधिकारियों का दोहरा मापदण्ड टॉर्च सैल भत्ता भुगतान के मामले को लेकर दिखाई दे रहा है।

बैठक की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष सी. के. चतुर्वेदी, अखिल भारतीय अध्यक्ष रोडवेज परिवहन कर्मचारी संघ रमाकान्त सचान, अनिल तिवारी, महामंत्री उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ हेमन्त कुमार विश्वकर्मा, वेद प्रकाश पुरोहित, मण्डल मंत्री ए. के. शुक्ला, जिला मंत्री विजय नारायण शर्मा, संजीव वर्मा, सतीश गुप्ता, आर. के. ठकुरानी, अवधेश सक्सेना, दयानिधि मिश्रा, ज्योति मिश्रा इत्यादि सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित हुये।

बैठक के उपरान्त होली मिलन समारोह मनाया गया जिसमें सभी ने एक-दूसरे के ऊपर फूल बरसाकर होली उत्सव मनाया और कटुता व द्वेष भाव को भुलाकर प्रेम-सौहार्द के साथ एक-दूसरे के साथ खुशियों को साझा कर समृद्धि के लिये शुभकामनायें प्रेषित की। होली मिलन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भूतपूर्व कैबिनेट मंत्री रविन्द्र शुक्ल, नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल ने श्रमिकों के हित में किये जा रहे संघर्ष की सराहना की।

कार्यक्रम में महिला प्रमुख गीता सचान, महेश मिश्रा, महेश नगायच, जगभान सिंह, नीरज वर्मा, एस. के. चौबे, सत्यव्रत आर्य, हृदेश खेमरा, अम्बिका प्रसाद श्रीवास्तव, के पी शर्मा, मो.इरशाद खान, लता साहू, मालती तिवारी, हार्दिक श्रीवास्तव, के. के. गेड़ा, राजू केवल, अजय यादव आदि उपस्थित रहे।