झांसी। समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश के निवाड़ी विधानसभा से विधायक रह चुकी मीरा दीपक यादव को  खजुराहो सीट से लोकसभा का प्रत्याशी बना कर राजनैतिक गलियारे में हलचल मचा दी है। इस सीट पर पहले घोषित किए गए प्रत्याशी मनोज यादव का टिकट काट कर मीरा पर दांव लगाया है।

समाजवादी पार्टी के मुख्यालय से जारी हुए आदेश में बताया गया की मध्यप्रदेश के खजुराहो से लोकसभा 2024 का प्रत्याशी मीरा दीपक यादव को घोषित किया है। इसके अलावा डॉ मनोज यादव को संगठन का मध्य प्रदेश का अध्यक्ष बनाया है।

गौरतलब है की मीरा यादव मध्य प्रदेश के निवाड़ी विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं और उनके पति दीपक यादव गरौठा समथर विधान सभा से विधायक रह चुके है। मीरा दीपक यादव का खजुराहो लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित होने पर उनके समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई।

दरअसल, इंडिया गठबंधन के तहत मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ रही है। जबकि खजुराहो लोकसभा सीट सपा को दी गई है। खजुराहो लोकसभा सीट में समाजवादी पार्टी द्वारा 30 मार्च को डॉ मनोज यादव को लोकसभा का प्रत्याशी घोषित किया गया था। इसके बाद 1 अप्रैल को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टिकट बदल कर झांसी के कद्दावर नेता दीप नारायण यादव की पत्नी व पूर्व विधायक मीरा यादव को लोकसभा खजुराहो की टिकट दी है।