Oplus_131072

13 माह पूर्व हुआ था विवाह, दहेज उत्पीड़न से थी परेशान

झांसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में ससुराल में एक गर्भवती महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

जिले के बड़ागांव कस्बा के बृजेंद्र उर्फ वीरू कुशवाहा की शादी 17 फरवरी 2023 को बड़ागांव की ही काजल के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार बेटी काजल की शादी में लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए गए थे। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में तीन लाख रुपए की मांग को लेकर काजल को परेशान करने लगे। इसको लेकर एक-दो बार पंचायत हुई, तो समझाइश से मामला शांत हो गया। लेकिन, ससुराल वाले दोबारा से काजल को परेशान करने लगे।
बताया गया कि काजल सात माह की गर्भवती थी। होली के बाद दूज पर वह अपने मायके आई और भाई का टीका करके उसी दिन ससुराल लौट गई थी। बुधवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे ससुराल से फोन आया कि काजल ने फांसी लगा ली। थोड़ी देर बाद ही जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो कमरे में पंखे पर काजल का शव लटका था।
जबकि, उसके पैर पलंग पर रखे थे। पति, ससुर और जेठ मौके से नदारद थे। घर पर काजल की सास, जेठानी और दादी सास थी। पूछने पर उन्होंने बताया कि खाना बनाकर काजल अपने कमरे में चली गई थी और वहां उसने फांसी लगा ली। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर काजल को मारकर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।
परिजनों की तहरीर पर पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी, दादी सास और दादा ससुर के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।