नोएडा पुलिस ने छापमारी कर सचिन सोनी को पकड़ा

झांसी। नोएडा में आनलाइन गेमिंग बैटिंग साइट (महादेव गेमिंग एप) का भंडाफोड़ होने के बाद बुधवार को नोएडा पुलिस ने झांसी में छापेमारी कर साइट का झांसी ब्रांच हेड सचिन सोनी को दबोच लिया। नोएडा पुलिस की पूछताछ में सचिन ने झांसी में संचालित नेटवर्क के कई राज उगले हैं। इसमें कई व्यापारियों, कारोबारियों के अलावा सफेदपोशों के नाम हैं। सचिन की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क के लोगों में पकड़े जाने का डर सता रहा है।

मंगलवार को नोएडा के सेक्टर-108 की एक कोठी में चल रहे ऑन लाइन सट्टा का भांडाफोड़ कर पकड़े गए 16 आरोपियों से पूछताछ के बाद फरार झांसी निवासी सचिन सोनी के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थी। जिसके आधार पर सर्विलांस की मदद से टीम उसके आसपास तक पहुंच गई। मंगलवार देर रात नोएडा पुलिस ने झांसी पुलिस से सम्पर्क कर कोतवाली थाना क्षेत्र के शांति निवास गुलाम गौस खां पार्क नई बस्ती निवासी सचिन सोनी पुत्र मुरारी सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सचिन से कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। बुधवार दोपहर नोएडा पुलिस सचिन को लेकर नोएडा रवाना हो गई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सचिन सोनी महादेव बुक एप के जरिए सट्टा का संचालन कर रहा था। इसके लिए उसने कमीशन पर कर्मचारियों की भर्ती की थी। जिन्हें पुलिस ने मंगलवार को पकड़ा था। वहीं बुधवार को पुलिस जांच में इस नेटवर्क के चार और खातों का पता चला। जिसमें से दो खाता लखनऊ और दो गुजरात के अहमदाबाद के एक्सिस बैंक का निकला। जिसमें पिछले छह माह के दौरान लगभग 72 करोड़ रुपये का लेनदेन हआ है। एक खाते में 32 लाख और एक खाते में साढ़े तीन लाख और एक खाते में एक लाख रुपये जमा मिले। जिसे पुलिस ने फ्रीज करा दिए है। पुलिस का दावा है कि यह सभी खाते फर्जी नाम पतों से बैंक में खुलवाए गए थे। मंगलवार को भी गिरफ्तारी के बाद पकड़े गए 16 लोगों से पूछताछ में 22 बैंक खातों का पता चला था। जिसमें छह माह के दौरान लगभग चार सौ करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ था। जिसमें से 14 टे्रडिंग खाते थे।