Oplus_0

झांसी/उरई। झांसी -कानपुर रेल लाइन पर आटा स्टेशन के निकट रविवार दोपहर ग्वालियर – बरौनी स्पेशल ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इसके बाद उरई से मालगाड़ी का इंजन भेजकर ट्रेन में जोड़ा गया। इससे लगभग डेढ़ घंटे यात्री परेशान रहे। इसके चलते झांसी-कानपुर पैसेंजर भी डेढ़ घंटे तक सरसोकी स्टेशन पर खड़ी रही।
दरअसल, रविवार दोपहर 12:10 बजे ग्वालियर – बरौनी स्पेशल ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आने से आटा स्टेशन से कुछ दूर खड़ी हो गई। लोको पायलट से इसकी जानकारी मिलने पर आटा स्टेशन अधीक्षक ने झांसी कंट्रोल रूम को अवगत कराया। मेन लाइन पर बरौनी मेल के खड़े होने से झांसी से कानपुर की ओर जा रही स्पेशल मालगाड़ी को भी उरई स्टेशन पर रोक दिया गया।

कंट्रोल के निर्देश के बाद उरई स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन काट कर 12:50 बजे आटा भेजा गया। इसके बाद मालगाड़ी का इंजन स्पेशल ट्रेन में जोड़ा गया। इस दौरान बरौनी मेल 1:40 बजे तक लगभग डेढ़ घंटा मेन लाइन पर ही खड़ी रही। इस हालत के चलते झांसी-कानपुर पैसेंजर को भी सरसोकी स्टेशन पर डेढ़ घंटा रोका गया। इंजन में आई खराबी के चलते बरौनी स्पेशल मेल और पैसेंजर के यात्रियों को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।