Oplus_131072

स्कॉलरशिप का झांसा देकर ऐसे लड़कियों को बुलाते थे, 3 गिरफ्तार 

सीधी मप्र (संवाद सूत्र)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक ऐसा शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है जिसने सभी को झकझोर दिया है। इसमें आवाज बदलने वाले “मैजिक वॉइस एप” से तीन आरोपियों ने 7 से अधिक छात्राओं को स्कालरशिप का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म किया। सभी पीड़िताएं एसटी वर्ग की हैं। चार छात्राओं द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बृजेश सहित राहुल और संदीप को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

सुनसान जगह पर बुला कर करते दुष्कर्म

आरोपी आवाज बदलने वाले मैजिक वॉइस एप के जरिये कॉलेज छात्राओं को झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म करते थे। आरोपी एप से कॉलेज महिला टीचर बनकर महिला की आवाज में संबंधित छात्रा से बात कर स्कॉलरशिप के लिए दस्तावेज मंगवाने के नाम पर सुनसान जगह बुलाते थे। इतना ही नहीं आरोपी शक के घेरे में ना आएं, इसके लिए छात्राओं को पहले ही बता देते थे कि उन्हें तय स्थान पर लेने के लिए एक लड़का बाइक से आएगा जो उन्हें टीचर के पास पहुंचा देगा। आरोपी उन कॉलेज छात्राओं को निशाना बनाते थे, जहां स्कॉलरशिप मिलती है। सूनसान जगह पर चंगुल में फंसी अकेली छात्रा से रेप कर छोड़ देते।

पीड़िताओं की संख्या बढ़ने की आशंका
पीड़िता द्वारा पुलिस से शिकायत करने के बाद जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर मुख्य आरोपी को पकड़ा, जिसके बाद पूछताछ में दो और लोगों के शामिल होने की बात सामने आई। अभी तक आरोपियों ने 7 छात्राओं से दुष्कर्म की बात कबूली है। हालांकि, पुलिस के अनुसार पीड़िताओं की संख्या बढ़ सकती है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

यूट्यूब से ली एप की जानकारी
पुलिस ने मीडिया को बताया कि मुख्य आरोपी ब्रजेश प्रजापति (30) अनपढ़ है और पेशे से मजदूर है। उसने यूट्यूब से इस तरह के आवाज बदलने वाले एप की जानकारी ली और मैजिक वायस ऐप को डाउनलोड किया था। 4 छात्राओं ने एफआईआर दर्ज कराई है। एक पीड़िता ने मुख्य आरोपी के हाथ पर जलने का निशान देखा था, उसी से आरोपी की पहचान हुई।

रंजना मैडम बनकर करते थे कॉल
ब्रजेश प्रजापति और उसके साथी राहुल प्रजापति और संदीप प्रजापति ने जिले के एक सरकारी कॉलेज के वॉट्सएप ग्रुप से छात्राओं के फोन नंबर निकाले थे। जिसके बाद रंजना मैडम बनकर छात्राओं को कई बार कॉल कर उन्हें विश्वास में लेते थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि, वह इस तरह का दुष्कर्म लगभग तीन महीने से कर रहे थे। मामला प्रकाश में आने के बाद कई पीड़िताओं के सामने आने की संभावना है। पुलिस जांच पड़ताल जारी है।