झांसी । ट्रेनों में अकेली सफर कर रही महिलाएं या उनके परिजन चिंता में रहते हैं कि सफर के दौरान कोई परेशानी हो गयी तो क्‍या करेंगी, स्‍टेशन उतरने के बाद गंतव्‍य तक कैसे पहुंचेंगी? इस तरह के सवालों को लेकर महिलाओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अकेली सफर करने वाली महिलाओं की चिंता भारतीय रेलवे की है। इसके लिए मेरी सहेली योजना है जो फिलहाल लम्बी दूरी की ट्रेनों में लागू है।

झांसी मंडल के जनसम्पर्क विभाग ने बताया कि लंबी दूरी की रेलगाडि़यों में विशेष रूप से अकेले यात्रा करने वाली या अपराध की चपेट में आने वाली महिला यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा “मेरी सहेली” अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत झाँसी मंडल, रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अप्रैल 2023 से मार्च 2024 तक यात्रा के दौरान 64210 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की गयी । इसके साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में 25 मई -2024 तक 3948 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की गई है।

मेरी सहेली योजना के तहत अकेली महिला यात्रियों की यात्रा की पूरी जानकारी गाडी के प्रारंभ स्टेशन से ही अगले नामित स्टेशनों में रेलवे सुरक्षा बल की महिला सुरक्षा बल को दी जाती है। जिससे स्टेशन में ट्रेन के आगमन होते ही मेरी सहेली की टीम ट्रेनों में जाकर महिला यात्रियों से संपर्क कर बात करती है,साथ ही उनको होने वाली परेशानियों को दूर करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में इन दिनों अकेली यात्रा कर रही महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है। इसमें महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई है, जो झाँसी मण्डल से गुजरने वाली सभी ट्रेनों की जांच कर महिला यात्रियों को सुरक्षा प्रदान कर रही है।