पति ने पत्नी को प्रेमी से बात करते दो बार पकड़ा, विषाक्त खा कर दी जान

0
193
Oplus_16908288

पति बोला-सरपंच से अफेयर था, उसी ने मोबाइल दिया था 

झांसी। दो बेटों की मां को गांव के ही सरपंच से प्रेम संबंध उजागर होने पर पंचायत हुई तो उसने प्रेमी से नाता तोड़ने का वायदा किया पर सिलसिला थमा नहीं और पति ने फिर प्रेमी से बात करते पकड़ लिया। इस पर आत्मग्लानि से युवती ने विषाक्त खा कर आत्महत्या कर ली। यह घटना मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के अंतोरा गांव की है।

बताया गया है कि अंजू चरार (25) की शादी वर्ष 2018 में अंतोरा निवासी अनिल चरार से हुई थी। दोनों के दो बेटे राज (7) और आर्यन (6) हैं। परिवार में सब ठीक-ठाक चल रहा था, किंतु इसमें गांव के प्रधान की इंट्री ने परिवार की खुशियों में ज़हर घोल दिया। किराना की दुकान पर नौकरी करने वाले पति अनिल के अनुसार पिछले करीब छह महीने से पत्नी का व्यवहार बदल गया था और वह उससे दूरी बनाने लगी थी।

संदेह होने पर उसने पत्नी अंजू पर नजर रखना शुरू कर दी। करीब 15 दिन पहले उसने अंजू को गांव के सरपंच से फोन पर बात करते हुए पकड़ा था। पूछताछ करने पर अंजू ने कथित तौर पर सरपंच से संबंध होने की बात स्वीकार की थी और यह भी बताया था कि मोबाइल फोन उसे सरपंच ने दिया था। इसके बाद अनिल ने अंजू के पिता को बुलाकर पंचायत कराई थी। परिवार के समझाने पर अंजू ने दोबारा संपर्क न करने का भरोसा दिया था।

अनिल के अनुसार, हमेशा की तरह सोमवार को वह  किराना दुकान पर काम करने गया। सायं वह पानी पीने घर पहुंचा तो उसे अंजू के फोन पर किसी से बात करने की भनक लगी। शक होने पर उसने पत्नी से पूछताछ की, लेकिन वह फोन होने से इनकार करती रही। बाद में कपड़ों में छिपाया गया मोबाइल बरामद हो गया। इस पर अनिल ने अंजू के पिता को फोन कर घर बुलाया और खुद वापस दुकान पर चला गया। इसी दौरान शाम करीब छह बजे उसकी छोटी बहन ने आकर बताया कि अंजू ने जहर खा लिया है।

जानकारी मिलने पर परिजन अंजू को तत्काल टीकमगढ़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अनिल ने बताया कि उसने पत्नी को समझाने के साथ यह भी कहा था कि यदि वह उसके साथ नहीं रहना चाहती तो अपनी इच्छा के अनुसार निर्णय ले सकती है, लेकिन अंजू ने दोबारा ऐसा नहीं करने का आश्वासन दिया था, किंतु वह नहीं मानी और पकड़ी गई। उसके अनुसार, अंजू ने घर में रखी दीमक मारने वाली दवा पीकर आत्मघाती कदम उठाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here