#Jhansi छापे में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पकड़ा, दो संचालक भाग निकले

0
306
Oplus_16908288

 संयुक्त कार्रवाई में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, दो मोबाइल फोन, कैमरे का डीवीआर, मोबाइल चार्जर एडॉप्टर ज़ब्त 

Oplus_16908288

झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देशानुसार नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में स्वास्थ्य एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने मेडिकल कॉलेज के सामने करगुवां जी मंदिर के निकट एक मकान में छापा मार कर किराये के कमरे में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पकड़ लिया, किंतु इस दौरान सेंटर में मौजूद दो संचालक रफूचक्कर हो गए।

दरअसल, मेडिकल कॉलेज के सामने अवैध नर्सिंग होम्स, पैथॉलाजी लैब, अल्ट्रासाउंड सेंटर आदि के संचालन की स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच की जा रही है। इसी क्रम में निरीक्षण के दौरान टीम को सूचना मिली कि मेडिकल कॉलेज के सामने करगुवां जी मंदिर के निकट कुछ लोग बिना वैध अनुमति के पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित कर रहे हैं।

इस सूचना पर सीएमओ के निर्देश पर नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ आशीष अग्निहोत्री नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झां सहित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापा मारा। मौके पर कमरे में दो व्यक्ति बैठे मिले तथा पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन चालू अवस्था में पाई गई। टीम को देखकर दोनों व्यक्ति मौके से भाग निकले, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली गई। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट की अनुमति से सीजिंग की कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई के दौरान एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, दो मोबाइल फोन, एक कैमरे का डीवीआर, दो मोबाइल चार्जर तथा एक एडाप्टर बरामद कर सीज किया गया। सीज किया गया समस्त सामान नगर मजिस्ट्रेट एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में नोडल अधिकारी/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

जांच में पाया गया कि संबंधित अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर मकान संख्या-122, पावागिरी शिक्षण संस्थान, करगुवांजी मंदिर के पास स्थित भवन में किराये के कमरे में संचालित किया जा रहा था। उक्त मकान के स्वामी सौरभ कुमार जैन निवासी बड़ा बाजार, झांसी बताए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उक्त भवन के ऊपरी हिस्से में स्थित कमरे में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित होता पाया गया, जबकि भवन के एक भाग में मकान मालिक द्वारा पेंट की दुकान संचालित की जा रही थी।

मकान मालिक ने बताया कि संबंधित कमरा प्रिंकित नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था। सीजिंग की पूरी कार्रवाई सौरभ कुमार जैन एवं विशाल कुशवाहा की उपस्थिति में संपन्न कराई गई। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here