बदमाशों ने इटारसी और विदिशा के बीच दिया वारदात को अंजाम

झांसी। पनवेल एक्सप्रेस से मुंबई से परिवार के साथ झांसी लौट रहे सराफा कारोबारी का 15 लाख के आभूषणों से भरा बैग चोरों ने उड़ा दिया। घटना इटारसी और विदिशा के बीच हुई। झांसी जीआरपी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

जिला झांसी के मऊरानीपुर के मूल निवासी दीनदयाल वर्तमान में मुंबई के थाना पंतनगर के घाटकोपर में रहते हैं। झांसी आने के लिए वह शुक्रवार को कल्याण से गाड़ी संख्या 15066 पनवेल एक्सप्रेस के ए-2 कोच में सवार हुए थे। उनके साथ पत्नी शिवी गुप्ता व बेटी भी थी।

दीनदयाल ने अपने स्लेटी रंग के बैग को सीट के नीचे रख दिया था, जिसमें तकरीबन 15 लाख रुपये कीमत की सोने की चार चूड़ी (100 ग्राम) व 10 ग्राम के दो सोने के सिक्के और अन्य आभूषण थे। ट्रेन के इटारसी पहुंचने पर सभी सो गए थे। शनिवार की सुबह तकरीबन छह बजे विदिशा में नींद खुली तो बैग गायब था। इस पर तत्काल रेलवे के नंबर 139 पर सूचना दी। झांसी पहुंचने पर घटना की जानकारी जीआरपी थाने में दी।

इस मामले में यात्री की शिकायत पर झांसी जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल विदिशा मप्र होने से मुकदमा विदिशा ट्रांसफर कर दिया जाएगा। मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है। स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।