Oplus_131072

झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मसीहा गंज में पत्नी के मायके से नहीं आने से परेशान होकर पति ने आत्महत्या का रास्ता चुना, किंतु मरने से पहले उसने पत्नी को बुलाने अंतिम बार फोन पर बात की, पत्नी आने को तैयार नहीं हुई। इससे गुस्से में युवक ने पत्नी से कहा कि अब मेरी मौत पर घर नहीं आना। इसके बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी। जब छोटे भाई की पत्नी घर पहुंची तो युवक फंदे पर लटका था। परिजन उसे फंदे से उतार कर उसे मेडिकल कॉलेज ले गए पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र कुमार की मौत के बाद परिजन सदमे में हैं।

जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज निवासी लगभग 29 वर्षीय जितेन्द्र कुमार (मृतक) के बड़े भाई कमल सिंह ने बताया कि जितेंद्र प्राइवेट काम करता था। उसकी शादी लगभग 5 साल पहले राखी से हुई थी। उनके बच्चा नहीं था। जितेंद्र और छोटा भाई हेमंत घर पर रहते थे। रक्षाबंधन पर राखी अपने मायके गई थी। उनके बीच पता नहीं क्या बात हो गई थी कि राखी मायके से लौटकर नहीं आ रही थी।

शनिवार को शाम 4:30 बजे जितेंद्र ने अपनी पत्नी से बात की। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। जितेंद्र ने गुस्से में अपनी पत्नी से कहा कि अब मेरी मौत पर भी घर नहीं आना। इसके बाद फोन काट दिया।

बड़े भाई ने आगे बताया कि शाम को हेमंत की पत्नी घर पहुंची तो जितेंद्र फंदे पर लटका था। चीखने चिल्लाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। परिजनों ने जितेंद्र को फंदे से उतारा और मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार जितेंद्र पर कर्ज भी हो गया था। समूह के लोग उसे परेशान कर रहे थे। 5 भाइयों में जितेंद्र चौथे नंबर का था। उसके पिता की 24 साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद बच्चों को मां रतिदेवी ने पाला। लेकिन 2018 में मां रतिदेवी की मौत हो चुकी है।