झांसी। बुधवार को जिला मुख्यालय पर महिला थाने के निकट गुलमोहर के पेड़ से फंदा कस कर लगभग 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगा ली, किंतु किसी को भनक तक नहीं लगी। जानकारी मिलने पर पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने शव को उतरवा कर जांच पड़ताल की और मृतक के पास मिले आधार कार्ड से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी।
एसपी सिटी ने बताया कि आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त 30 वर्षीय सुमित कुमार निवासी विंदकी फतेहपुर उप्र के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों से सम्पर्क किया गया तो पता चला कि मृतक अविवाहित था और बैंगलोर में नौकरी करता था। वह बैंगलोर से घर जा रहा था। मृतक की अपने परिजनों से नाराज़गी थी।
मृतक बैंगलोर से ट्रेन से झांसी स्टेशन पर आ कर घर जाने के लिए निकला। इस बीच इलाइट जेल चौराहा मार्ग पर महिला थाने के निकट गुलमोहर के पेड़ से गमछा से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे लोगों ने फंदे पर लटका देख कर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारवा कर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। सुमित कुमार ने किन परिस्थितियों में झांसी में महिला थाने के निकट ही मौत को गले लगाया स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।












