झांसी। मंडल के कर्मचारियों के बीच उत्कृष्टता और समर्पण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा सितंबर माह का “कर्मचारी ऑफ़ द मंथ” का पुरस्कार वीरेंद्र कुमार शक्या को दिया गया है।

श्री वीरेंद्र कुमार शक्या ने अपनी मेहनत, प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से सभी को प्रेरित किया है। 12 सितंबर 2024 की सुबह, ग्वालियर से झांसी (अप लाइन) की ओर आते समय उन्होंने डाउन लाइन पर तेज वर्षा के कारण मिट्टी धंसने की गंभीर स्थिति देखी। तत्परता दिखाते हुए, उन्होंने इसका वीडियो बनाकर निजी सहायक/डी.आर.एम आशीष अग्रवाल और एम.वी.आई/डी.आर.एम एस.के. राय को सूचित किया। इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से निजामुद्दीन जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को कोटरा स्टेशन पर रोक दिया गया, जिससे एक संभावित दुर्घटना को टाला जा सका।

पुरस्कार प्रदान करते समय मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा, “यह पुरस्कार वीरेंद्र कुमार शक्या की मेहनत और उत्कृष्टता को मान्यता देने के लिए है। हम उन्हें इस सम्मान के लिए बधाई देते हैं और आशा करते हैं कि वे भविष्य में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से संगठन को गौरवान्वित करेंगे। हमारे संगठन को ऐसे कर्मचारियों की आवश्यकता है जो न केवल अपने कार्य में उत्कृष्टता दिखाएं, बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करें।”

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक आर.डी. मौर्या, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आशुतोष चौरसिया, मंडल कार्मिक अधिकारी अरुण सिंह तोमर, निजी सहायक/डी.आर.एम आशीष अग्रवाल, एम.वी.आई/डी.आर.एम एस.के. राय और अन्य शाखाधिकारी उपस्थित रहे।