झांसी। जनपद के थाना प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत कृष्णा नगर कालोनी में सूदखोरों ने सूद वसूलने के लिए आटो चालक के साथ मारपीट कर दी और धक्का-मुक्की के दौरान वह कुआं में गिर कर मौत का शिकार हो गया।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी ३० वर्षीय पातीराम उर्फ वीरू पुत्र स्व. आशाराम ऑटो चालक था। उसके घर की आर्थिक स्थिति खराब है, जिसके चलते उसने खोडऩ में रहने वाले दो सूदखोरों से १ लाख रुपया कर्जा लिया था। तय समय पर कर्जा न चुका पाने के कारण सूदखोर उसे परेशान करने लगे। पातीराम के भाई रूप सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि ३ अपै्रल की शाम दोनों सूदखोर उसके भाई के घर आये और मारपीट की, इसके उपरान्त उसके भाई को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा ले गये। इसके बाद मारपीट करते हुए उसके भाई को छोड़ दिया। जिस पर घायल अवस्था में उसका भाई घर लौट आया। रात्रि तकरीबन ९ बजे एक बार फिर दोनों सूदखोर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये और उसके भाई से रुपयों की मांग करने लगे। जब उसके भाई ने रुपया की व्यवस्था न होने की जानकारी दी तो उक्त लोगों ने उसके भाई को फिर पीटा और धक्का मुक्की करते हुए कुआं के पास पहुंच गये। जहां पर सूदखोरों की धक्का मुक्की से उसका भाई कुआं में गिर गया। जानकारी होते ही परिवार के लोग बचाने आये। उसने कुआं में कूदकर अपने भाई को निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नही हुआ। जिस पर यूपी १०० पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसके भाई को अचेत अवस्था में कुआं से बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गये। जहां जांच उपरान्त चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।