झांसी । झांसी रेल मंडल के इलेक्ट्रिक लोको शेड में नवीकरण के बाद तैयार किए गए प्रोग्रेस प्लानिंग ऑर्गेनाइजेशन (पीपीओ) कक्ष का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने कक्ष का निरीक्षण कर वहां की सुविधाएं देखीं और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर इलेक्ट्रिक लोको शेड की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
गौरतलब है कि प्रोग्रेस प्लानिंग ऑर्गेनाइजेशन (पीपीओ) कक्ष में प्रतिदिन इलेक्ट्रिक लोको शेड में होने वाले कार्य की समीक्षा की जाती है। प्रतिदिन दो बैठक कर संबंधित दिवस पर किए जाने वाले कार्य और उसकी समीक्षा बैठक भी की जाती है। पूर्व में पीपीओ कक्ष के साउंड प्रूफ ना होने की वजह से बैठक में व्यवधान उत्पन्न होता था। इसके साथ ही डिजिटल डिसप्ले की गैर उपलब्धता से भी बैठक में समस्या होती थी।
उक्त समस्या को ध्यान में रखते हुए पीपीओ कक्ष के नवीकरण का कार्य शुरु किया गया। पीपीओ कक्ष में डबल लेयर ग्लास लगाकर उसे साउंड प्रूफ बनाया गया है। इसके साथ ही डिजिटल डिसप्ले की सुविधा भी कक्ष में स्थापित कर दी गई है। नवीनीकृत पीपीओ कक्ष में लोको की ऑनलाइन जानकारी, अनुरक्षण संबंधी गतिविधियां व स्लैम आधारित सॉफ्टवेर जिसके द्वारा ऑनलाइन लोको की उपकरण विफलता, संरक्षा सम्बन्धी क्रियाकलाप आदि सॉफ्टवेर चलाने के लिए डिजिटल मॉनिटर लगाये गए हैं।
इन सुविधाओं से इलेक्ट्रिक लोको शेड की प्रगति संबंधित बैठकें सुचारु रुप से संचालित की जा सकेंगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक लोको शेड के कर्मचारियों को कार्यप्रणाली तथा सुरक्षा संबंधित जानकारी भी यहां आसानी से दी जा सकेगी।
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इलेक्ट्रिक लोको शेड में आइसोलेशन प्रक्रिया का भी जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों से प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे। श्री सिन्हा ने कर्मचारियों को मानक अनुसार निर्धारित संचालन प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिया। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक लोको शेड में चल रहे अन्य कार्यों की भी जानकारी ली गई। श्री सिन्हा द्वारा इलेक्ट्रिक लोको शेड में पौधरोपण भी किया गया। इसके उपरांत डीआरएम द्वारा झांसी यार्ड में स्थित इलेक्ट्रॉनिक इन मोशन वे ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। ट्रैक पर लगाए गए वे ब्रिज का सघन अवलोकन किया और वे ब्रिज के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि पीपीओ कक्ष नवीकरण के उपरांत बेहतर हो गया है। कक्ष में सभी आधुनिक सुविधाएं लगाई हैं। अब यहां होने वाली बैठकें शांतिपूर्ण माहौल में हो सकेंगी। कर्मचारियों को सुरक्षा तथा कार्यप्रणाली से जुड़ी जानकारी भी यहां ऑडियो विजुअल माध्यम से दी जा सकेगी। इससे इलेक्ट्रिक लोको शेड में होने वाला कार्य सुचारू रुप से हो सकेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (आर.एस) एन.के. मिश्र, वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (समन्वय) आशुतोष चौरिसिया, वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (कर्षण) मयंक शांडिल्य, वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (परिचालन) शिवम श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।