समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने व संरक्षा पर विशेष जोर
झांसी । झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के नेतृत्व में निवाड़ी-बरुआसागर खंड में चल रहे दोहरीकरण कार्य का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान परियोजना की प्रगति का मूल्यांकन किया गया और इसे समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने बरुआसागर रेलवे स्टेशन पर संरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। यात्रियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए, उन्होंने संरक्षा और सेवाओं में सुधार के लिए निर्देश दिए। निरीक्षण टीम ने निवाड़ी स्टेशन का भी दौरा किया और स्टेशन पर संरक्षा व्यवस्थाओं एवं यात्री सुविधाओं का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान समपार फाटक संख्या 377 का भी निरीक्षण किया गया। गेटमैन की सतर्कता और कार्य-ज्ञान की जांच की गई, और मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने उन्हें संरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संरक्षा रेल प्रशासन की प्राथमिकता है और इसे किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। डीआरएम ने डिजिटल भुगतान के प्रमोशन के उद्देश्य से बरुआसागर स्टेशन पर QR कोड के माध्यम से टिकट खरीदा I
इस निरीक्षण में उप मुख्य इंजीनियर एस.पी.शर्मा, उप मुख्य सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजीनियर/ निर्माण आशीष सैनी ,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/सामान्य नितिन गुप्ता और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन उपस्थित रहे।
इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि संरक्षा और समयबद्ध परियोजना कार्य रेल प्रशासन की प्राथमिकता है। झांसी मंडल, उत्तर मध्य रेलवे, रेल सेवाओं को सुरक्षित और उन्नत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।