झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा 7 जुलाई को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झांसी के सभाकक्ष में झांसी मंडल के अंतर्गत खुरहंड स्टेशन पर कार्यरत दिवंगत ट्रैक मेंटेनर-IV स्वर्गीय नागेंद्र कुमार की धर्मपत्नी ब्यूटी कुमारी को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के रेलवे सैलरी पैकेज (RSP) के अंतर्गत ₹1,00,00,000/- (एक करोड़ रुपये) का बीमा चेक प्रदान किया गया।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने स्वर्गीय नागेंद्र कुमार के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय दुःखद निधन का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कार्मिक विभाग द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर बीमा दावे से संबंधित समस्त औपचारिकताएँ समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई गईं, जिसके परिणामस्वरूप ₹1 करोड़ का RSP बीमा दावा शीघ्र स्वीकृत हो सका।
कार्मिक विभाग झाँसी माडल द्वारा समय-समय पर आयोजित SBI RSP जागरूकता एवं नामांकन शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में कर्मचारियों के वेतन खातों को RSP से जोड़ा गया। स्वर्गीय श्री नागेंद्र कुमार का खाता भी इन्हीं प्रयासों के अंतर्गत RSP में परिवर्तित हुआ था, जिसके फलस्वरूप उनके परिवार को ₹1,00,00,000/- (एक करोड़ रुपये) की बीमा सहायता प्राप्त हुई।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नंदीश शुक्ल, भारतीय स्टेट बैंक के सहायक महाप्रबंधक अजय दीक्षित, क्षेत्रीय प्रबंधक (RSP) दीपक कुमार सहित उत्तर मध्य रेल, झांसी मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।














