टिकट जांच के दौरान मथुरा स्टेशन पार होने के उपरांत कोच सी-7 की सीट संख्या 25 पर संबंधित यात्री अनुपस्थित पाए गए। काफी समय तक प्रतीक्षा करने एवं आसपास के यात्रियों से पूछताछ के बाद भी यात्री के वापस नहीं आने पर सीटीआई श्री पाण्डेय ने टिकट जांच उपकरण (टैब) में उपलब्ध मोबाइल नंबर के माध्यम से यात्री से संपर्क किया। यात्री ने बताया कि वह मथुरा स्टेशन पर कोच से बाहर उतर गए थे तथा ट्रेन चल देने के कारण पुनः ट्रेन में सवार नहीं हो सके।
यात्री द्वारा अपना सामान ग्वालियर स्टेशन पर उनके स्वजन को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। इस पर श्री पाण्डेय ने यात्री को आवश्यक औपचारिकताओं हेतु रेल मदद (RailMadad) पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी तथा सामान की सुरक्षा का आश्वासन दिया। ग्वालियर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की उपस्थिति में आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत यात्री का सामान, जिसमें लैपटॉप, महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं नकद राशि शामिल थी, उनके स्वजन को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
अपना सामान सुरक्षित प्राप्त होने पर यात्री ने झांसी मंडल रेल प्रशासन तथा मुख्य टिकट निरीक्षक निखिल पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी सतर्कता, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। यह घटना झांसी मंडल के टिकट जांच स्टाफ की यात्रियों के प्रति सेवा भावना एवं उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।














