आपत्तिजनक सामग्री बरामद, सफेदपोशों पर चर्चाओं का बाजार गर्म 

Oplus_131072

झांसी। नगर की नव विकसित अयोध्या पुरी कालोनी में लम्बे समय से बेरोकटोक चल रहे जिस्मफरोशी के अड्डे पर पुलिस की रेड में सात महिला व दो पुरुष पकड़े गए। रेड में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। इस देह व्यापार को सफेदपोशों का संरक्षण प्राप्त था।

दरअसल, थाना सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत नव विकसित अयोध्या पुरी कालोनी में एस ब्लॉक में लम्बे समय से बेरोकटोक देह व्यापार का धंधा चल रहा था। इससे कालोनी के लोग परेशान थे, किंतु सफेदपोशों के संरक्षण के चलते कोई विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों के आदेश पर गोपनीय तरीके से रेड टीम बनाई गई जिसमें क्षेत्रधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी निरीक्षक सीपरी, महिला थाना प्रभारी व नगर मजिस्ट्रेट शामिल रहे।

टीम ने मौक़ा देख कर छापा मारा। इसकी वहां मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगी। अचानक पुलिस को देखकर वहां मौजूद महिला व पुरुष हतप्रभ रह गए। पुलिस ने अड्डे से सात महिला व दो पुरुषों को पकड़ लिया। पकड़ी गई महिलाओं में दो झांसी, तीन ग्वालियर, एक करैरा मप्र, एक लखनऊ की बताई गई हैं जबकि पुरुष झांसी के हैं। इसमें अड्डा संचालक भी शामिल हैं। टीम ने अड्डे से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस द्वारा सभी से पूछताछ कर कार्रवाई की जा रही है। यह अड्डा किस सफेदपोशों के संरक्षण में चल रहा था पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।