झांसी। 04 अप्रैल को सीनियर रेलवे इंस्टिट्यूट, झाँसी के प्रांगण में आयोजित रेल सेवा पुरस्कार समारोह में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने वाले 50 रेल कर्मियों को रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा स्वेता सिन्हा के आगमन एवं पारंपरिक स्वागत से हुआ। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ब्रजेश कुमार चतुर्वेदी ने मंडल रेल प्रबंधक एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा को पौध देकर स्वागत अभिनंदन किया गया।
इसके पश्चात, अतिथि द्वय द्वारा दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ब्रजेश कुमार चतुर्वेदी द्वारा स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया गया, जबकि मंच संचालन अतुल अग्रवाल द्वारा किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने समर्पित कर्मचारियों की सराहना की‌ और उनकी सेवाओं को रेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान बताया। इसके बाद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुतियाँ दी गईं। इसमें सर्वप्रथम महिमा व्यास द्वारा सरस्वती वंदना, तत्पश्चात गणेश वंदना का आयोजन हुआ, जिसने समारोह में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण उत्पन्न किया। इसके साथ ही, वीरांगना लक्ष्मीबाई एवं झाँसी से संबंधित एक सुंदर नाटक की प्रस्तुति भी की गई, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।

पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद, मुख्यालय प्रयागराज से रेनिंग शील्ड प्राप्त ब्रांच ऑफिसर्स का सामूहिक फोटो सेशन हुआ। अंत में, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक पी.पी. शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेक नारायण, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर/परिचालन शिवम श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर नितिन गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत ट्रैक्शन (SR.DEE/TRD) मयंक शांडिल्य, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।