प्रेमिका के साथ पति रफूचक्कर, पत्नी ने फांसी लगाई 

झांसी। आशिकी के चक्कर में फंसे पति के प्रेमिका के साथ रफूचक्कर हो जाने से हो रही बदनामी और परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगने से अवसाद में आई पत्नी ने  फाँसी लगा कर जिंदगी समाप्त कर ली। हालांकि मृतका के पिता ने बेटी की हत्या कर शव को फाँसी के फन्दे पर लटकाने का आरोप लगाया है।

थाना लहचूरा के ग्राम गढ़वा निवासी मीना (27) की शादी करीब 8 साल पहले अनिल के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि अनिल 4 दिन पहले घर से एक हजार रुपए लेकर शादी में जाने की कहकर निकला फिर लौटकर नहीं आया। मोबाइल पर फोन लगाने पर स्वीच ऑफ आ रहा था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच निवाड़ी से एक महिला और दो युवक आए और बताया कि अनिल उनकी बेटी को भगाकर ले गया। यह सुनते ही मीना सदमे में आ गई। मंगलवार रात को मीना कमरे में सोने के लिए गयी। सुबह उसका शव फाँसी के फन्दे पर लटका हुआ मिला।

मीना के पिता रामसेवक ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटी को परेशान कर रहे थे। करीब 3 साल पहले दामाद अनिल गाँव की एक महिला को भगाकर ले गया था। इसके बाद बेटी को घर ले आए थे। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया था। पंचायत हुई तो अनिल ने माफी माँग ली थी, जिस पर बेटी को ससुराल भेज दिया था। अब बेटी को फिर से परेशान किया जाने लगा था। 4 दिन पहले फोन आया कि अनिल भाग गया, लेकिन उसके परिजनों ने एफआइआर दर्ज नहीं कराई। उन्होंने मीना की हत्या कर शव को फाँसी के फन्दे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। फिलहाल किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जाँच कर कार्यवाही की जाएगी।